New flight: एनसीआर से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी, गाजियाबाद से जम्मू के लिए फ्लाइट शुरू
- bySagar
- 24 Mar, 2025
दिल्ली-एनसीआर से माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वालों के लिए अब यात्रा आसान हो गई है। गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से जम्मू के लिए फ्लाइट सेवा शुरू हो गई है। अब यात्रियों को जम्मू जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट जाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि एनसीआर से हवाई यात्रा का एक और विकल्प मिल गया है। नवरात्रि के दौरान वैष्णो देवी मंदिर जाने वालों की संख्या में वृद्धि होगी।
हिंडन एयरपोर्ट से जम्मू के लिए फ्लाइट सेवा शुरू
दिल्ली-एनसीआर से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हिंडन एयरपोर्ट से जम्मू के लिए फ्लाइट सेवाएं रविवार से शुरू हो गई हैं। पहली फ्लाइट सुबह 9:30 बजे हिंडन से जम्मू के लिए रवाना हुई।
ताज़ा जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की पहली फ्लाइट 23 मार्च को सुबह 9:30 बजे हिंडन से जम्मू के लिए उड़ान भरी। वहीं, जम्मू से हिंडन के लिए दोपहर 1 बजे उड़ान भरेगी और 2:30 बजे हिंडन पहुंचेगी। इसके बाद 30 मार्च से भुवनेश्वर के लिए भी फ्लाइट सेवा शुरू की जाएगी। इसकी बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
चुनई से हिंडन एयरपोर्ट तक 177 यात्री पहुंचे
हिंडन एयरपोर्ट से चेन्नई के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट सेवा शनिवार (22 मार्च) से शुरू हो चुकी है। पहले दिन 177 यात्रियों ने चेन्नई के लिए उड़ान भरी, जबकि 172 यात्री हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे।
गर्मी और नवरात्रि में पहाड़ों की यात्रा बढ़ी, प्रतीक्षा सूची 200 पार
गर्मी के मौसम और नवरात्रि के दौरान वैष्णो देवी मंदिर जाने वालों की संख्या बढ़ गई है, जिससे ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) 200 से अधिक पहुंच गई है। गाजियाबाद जंक्शन पर टिकट काउंटर पर आरक्षण के लिए भारी भीड़ देखी जा रही है। तत्काल टिकट के लिए लोग रात में ही कतार में लगना शुरू कर देते हैं।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और Government Railway Police (GRP) ने टिकट काउंटर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं, दलालों पर नजर रखने के लिए निगरानी कड़ी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, 25 मई तक कई ट्रेनों में आरक्षित सीटें उपलब्ध नहीं हैं। जम्मू और कटरा जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक प्रतीक्षा सूची देखी जा रही है।
30 मार्च से शुरू हो रहा है नवरात्रि
अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकटों की अधिक बुकिंग के कारण सीटें बहुत जल्दी भर रही हैं। 30 मार्च से नवरात्रि शुरू हो रही है, ऐसे में शहर के लोग वैष्णो देवी मंदिर जाने की योजना बना रहे हैं, लेकिन कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है।
कविनगर के निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि वह कई दिनों से जम्मू जाने के लिए टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सफल नहीं हो पा रहे हैं। स्वराज एक्सप्रेस, मालदा एक्सप्रेस, शालीमार एक्सप्रेस, श्रीशक्ति एक्सप्रेस, जम्मू मेल, संपत क्रांति एक्सप्रेस और झेलम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना बेहद कठिन हो गया है।



