Parenting Tips: बच्चे के जन्म के समय इन जरूरी दस्तावेजों को बनवाना है अनिवार्य, जानें क्यों

Parenting Tips: जब आपके घर पर एक नए बच्चे का जन्म होता है, तो सिर्फ उसकी देखभाल ही नहीं, बल्कि कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज़ों को समय रहते बनवाना भी बहुत जरूरी है। इन दस्तावेजों के बिना आगे चलकर आपको या आपके बच्चे को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए जन्म के तुरंत बाद इन दस्तावेज़ों को बनवाना आवश्यक है। आइए जानते हैं कौन से दस्तावेज़ हैं जो जन्म के समय तुरंत बनवाने चाहिए।

जन्म प्रमाणपत्र
बच्चे का जन्म होने के बाद सबसे पहला और जरूरी दस्तावेज है जन्म प्रमाणपत्र। यह आपके बच्चे के जन्म को कानूनी रूप से प्रमाणित करता है। इसके जरिए आप बच्चे की पहचान, उम्र और नागरिकता को साबित कर सकते हैं। यह दस्तावेज़ स्थानीय नगरपालिका या ग्राम पंचायत से आसानी से बनवाया जा सकता है।

आधार कार्ड
आधार कार्ड केवल वयस्कों के लिए नहीं, बल्कि नवजात शिशुओं के लिए भी बनवाना जरूरी है। इसके माध्यम से आपके बच्चे को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकता है। इसके अलावा, यदि आप बच्चे का बैंक खाता खोलने की सोच रहे हैं, तो आधार कार्ड अनिवार्य है। इसे आप बैंक, पोस्ट ऑफिस या आधार सेवा केंद्र से बनवा सकते हैं।

पैन कार्ड
हालांकि बच्चों का पैन कार्ड बनवाना उतना जरूरी नहीं होता, लेकिन यदि आप बच्चे के नाम पर निवेश करने या बैंक खाता खोलने की योजना बना रहे हैं, तो पैन कार्ड बनवाना जरूरी है। आप इसे ऑनलाइन एनएसडीएल या यूटीआईटीएसएल की वेबसाइट से अप्लाई कर सकते हैं या फिर पैन सेवा केंद्र से भी बनवा सकते हैं।

पासपोर्ट
यदि आप भविष्य में अपने बच्चे के साथ विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो आपको बच्चे का पासपोर्ट बनवाना चाहिए। इसके लिए पासपोर्ट सेवा केंद्र से आवेदन किया जा सकता है।

हेल्थ कार्ड
अपने बच्चे का हेल्थ कार्ड बनवाना भी अत्यंत आवश्यक है। इस कार्ड से आप बच्चे की सेहत, वैक्सीनेशन और अन्य मेडिकल संबंधित जानकारी को ट्रैक कर सकते हैं। इसे आप किसी स्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ बीमा कंपनी या अस्पताल से बनवा सकते हैं।

इन दस्तावेजों को बनवाकर आप अपने बच्चे का भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं और भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी से बच सकते हैं।